BREAKING NEWS

छिंदवाड़ा: बदहाल सड़क के कारण गर्भवती तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, ग्रामीणों ने चारपाई पर पहुंचाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, छिंदवाड़ा।

गर्भवती महिला को लेने पहुंची 108 एंबुलेंस कीचड़ और गड्ढों से भरी कच्ची सड़क के कारण मोहल्ले तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने महिला को चारपाई पर एंबुलेंस तक पहुंचाया। घटना के बाद प्रशासन ने सड़क सुधार के निर्देश दिए हैं।

यह मामला छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा जनपद मुख्यालय से महज 12 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा के खजरी मोहल्ले का है। आजादी के 80 साल बाद भी ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति कई जगह चिंता का विषय बनी हुई है।

Advertisement

मंगलवार सुबह 21 वर्षीय प्रदीपा पति राजकुमार बट्टी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पक्की सड़क तक पहुंच गई, लेकिन खजरी मोहल्ले की कच्ची सड़क पर बारिश के कारण जमा हुए कीचड़ और गड्ढों के चलते एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ पाई।

मजबूरी में ग्रामीणों ने प्रदीपा को चारपाई पर लिटाकर कीचड़ भरे रास्ते से एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को अमरवाड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी सामान्य डिलीवरी हुई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए हैं।

सड़क की बदहाली पर ग्रामीणों की राय

ग्रामीणों का कहना है कि खजरी मोहल्ले की सड़क लंबे समय से बदहाल है। सामान्य दिनों में भी आवागमन में परेशानी होती है, जबकि बारिश के मौसम में स्थिति और खराब हो जाती है।

कच्ची सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि किसी गंभीर मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़े तो सड़क की यह स्थिति एक बड़ी समस्या बन सकती है।

प्रशासनिक कार्रवाई

मामला सामने आने के बाद बुधवार को प्रशासनिक अधिकारी खजरी मोहल्ले की सड़क का निरीक्षण करने पहुंचे। एसडीएम हेमकरण धुर्वे, जनपद पंचायत सीईओ जयदेव शर्मा और सहायक यंत्री नितिन ब्रम्हे ने मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति देखी।

अधिकारियों ने तत्काल पंचायत को सड़क के गड्ढों को भरने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों को सड़क का स्थायी समाधान कराने के लिए पीडब्ल्यूडी के माध्यम से सड़क निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का स्थायी निर्माण हो जाए तो बारिश के दिनों में होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है।

ग्राम पंचायत सालीवाड़ा शारदा की सरपंच माया चंदन पटेल और सचिव इंद्रकुमार भलावी का कहना है कि खजरी मोहल्ले की सड़क की समस्या को लेकर जनपद पंचायत के अधिकारियों को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद सड़क निर्माण नहीं हो सका।

उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत स्तर से समस्या बताने के बाद भी अब तक ग्रामीणों को केवल आश्वासन ही मिला है। अब ग्रामीणों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर पक्की सड़क निर्माण की मांग की जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

सड़क की बदहाली से नाराज खजरी मोहल्ले के ग्रामीणों ने प्रशासन को आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो वे तहसील मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन करेंगे और प्रशासनिक कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।