BREAKING NEWS
2026-08-14

दतिया में CJM सतीश वसुनिया को बंगले पर जान से मारने की धमकी, अज्ञात पर मामला दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

मध्य प्रदेश के दतिया में सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सतीश वसुनिया को उनके बंगले पर पहुंचकर एक अज्ञात व्यक्ति ने जान से मारने की धमकी दी।

Advertisement

23 जुलाई की सुबह करीब नौ बजे हुई इस घटना के दौरान, आरोपित ने वहां मौजूद न्यायालय कर्मचारी को गालियां देते हुए सीजेएम को बाहर बुलाने के लिए दबाव बनाया। सीजेएम सतीश वसुनिया की ओर से दिए गए शिकायती आवेदन में बताया गया है कि धमकी देने वाला व्यक्ति चिल्लाते हुए कह रहा था, “साहब कहां हैं, उन्हें बाहर निकालो, उन्हें नहीं छोडूंगा, अब तक चार लोगों को मार चुका हूं।”

जैसे ही कर्मचारी अन्य लोगों को बुलाने के लिए बंगले के अंदर की तरफ गया, आरोपित व्यक्ति वहां से भाग निकला। जब तक सीजेएम बाहर पहुंचे, तब तक आरोपित जा चुका था। खोजबीन करने पर पता चला कि उसकी उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष थी और उसने सफेद रंग की टी-शर्ट तथा काले रंग का लोअर पहन रखा था।

कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि न्यायालय में प्रतिदिन विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई में गंभीर अपराधी भी पेश किए जाते हैं, ऐसे में सरकारी आवास पर आकर धमकी दिया जाना सुरक्षा से जुड़ा एक गंभीर मामला है।

24 जुलाई को ही पुलिस अधीक्षक को घटना की जानकारी देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई थी, परंतु उस समय उपचुनाव चल रहे थे। थाना प्रभारी दिनेश राजपूत ने बताया कि अब शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और आसपास के मार्गों तथा सार्वजनिक स्थानों के कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।