बुलंद सोच, भोपाल।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने मध्य प्रदेश संवर्ग की 1993 बैच की महिला आईएएस अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया है। इससे पूर्व, वह कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय में सचिव के रूप में कार्यरत थीं। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 23 जुलाई के अपने आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए दीप्ति मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त करने की मंजूरी दी थी, जिसका आदेश केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय ने 10 अगस्त को जारी किया। मुखर्जी की नियुक्ति विनीत जोशी की जगह की गई है, जिन्हें पिछले माह ही पंचायती राज मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया था। उनकी जगह पहले नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया था, लेकिन अब यह जिम्मेदारी मुखर्जी को सौंपी गई है। दीप्ति गौड़ मुखर्जी मध्य प्रदेश में कार्मिक, सामान्य प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभागों में प्रमुख सचिव के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
मध्य प्रदेश संवर्ग की 1994 बैच की आईएएस अधिकारी पल्लवी जैन गोविल को कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले, वे युवा मामले और खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थीं। मध्य प्रदेश संवर्ग के 1992 बैच के आईएएस अधिकारी वीएल कांताराव को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में ओएसडी नियुक्त किया गया है। कांताराव वर्तमान में जल शक्ति मंत्रालय के जल संसाधन, नदी विकास और गंगा संरक्षण विभाग में सचिव हैं। वे अनुसुली आर्या के स्थान पर यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जो 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रही हैं।

