BREAKING NEWS
2026-10-17

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का शिक्षक अभ्यर्थियों को समर्थन, 5 सितंबर से अनशन की चेतावनी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 में पदवृद्धि और रिक्त पदों को लेकर पिछले छह दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के बीच बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन करते हुए चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला, तो वे ‘शिक्षक दिवस’ (5 सितंबर) से स्वयं 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे।

Advertisement

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शिक्षकों की भर्ती और पाठ्यक्रम पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में 45 हजार नए स्कूल खोले गए थे और स्थानीय युवाओं को रोजगार देने के लिए भर्ती का अधिकार स्थानीय स्तर पर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नए पाठ्यक्रम का असर उन अनुभवी शिक्षकों पर पड़ रहा है, जिन्होंने सालों पुराने पाठ्यक्रम से पढ़ाया है।

दिग्विजय सिंह ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकता शिक्षा और रोजगार देने के बजाय युवाओं को अन्य मुद्दों में उलझाने की है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे को लेकर भी सवाल खड़े किए।

इसी बीच, भोपाल में DPI आयुक्त के चैंबर में चयनित अभ्यर्थी घुस गए। इस घटना के बाद दफ्तर के बाहर पुलिस तैनात की गई और कर्मचारियों ने दो घंटे तक काम बंद रखा। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा के साथ पहुँचे दिग्विजय सिंह को प्रदर्शनकारी महिला अभ्यर्थियों ने राखी बांधी। 80 वर्षीय दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे इस उम्र में भी युवाओं के हक की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।

माध्यमिक (वर्ग-2) और प्राथमिक (वर्ग-3) शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी 21 अगस्त से नीलम पार्क में डटे हुए हैं। एक अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की तबीयत बिगड़ने के बाद से अभ्यर्थियों का आंदोलन और तेज हो गया है।