BREAKING NEWS
2026-10-17

मंदसौर में व्यापारी के साथ धोखाधड़ी, 136 क्विंटल लहसुन से भरा ट्रक गायब

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, मंदसौर।

मंदसौर की स्थानीय कृषि मंडी में एक लहसुन व्यापारी के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यापारी के गोदाम से पश्चिम बंगाल के लिए लहसुन भरकर निकला एक ट्रक रास्ते से ही लहसुन सहित लापता हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, कृषि उपज मंडी प्रांगण में लहसुन व्यापारी शंकरलाल हरजानी की सांई कृष्णा इम्पेक्स फर्म है। व्यापारी हरजानी ने बताया कि उन्होंने आसाम बंगाल एमडी ट्रांसपोर्ट मंदसौर के माध्यम से एक ट्रक बुलवाया था। 23 अगस्त को रात करीब 8 बजे ट्रक क्रमांक एचआर-39 जी-8686 में वेस्ट बंगाल के सिलीगुड़ी के लिए 136 क्विंटल 85 किलो लहसुन लोड की गई थी। लहसुन के कट्टों पर फर्म के टैग लगे हुए थे।

व्यापारी के पुत्र संजय हरजानी ने बताया कि ट्रक लहसुन लेकर निकला, उसके बाद से ही ट्रक चालक ने अपना मोबाइल बंद कर लिया। जिस स्थान के लिए लहसुन लोड की गई थी, वहां भी लहसुन नहीं पहुंची। ट्रक की जानकारी निकाली गई तो उसका रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी निकला।

संजय हरजानी ने बताया कि आयशर कंपनी के रजिस्ट्रेशन क्रमांक वाले ट्रक एचआर-39 जी-8686 की जांच करने पर उसका रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी पाया गया। उस ट्रक का असली रजिस्ट्रेशन नंबर एमपी-09 बीएम-4221 निकला है।

इस घटना के बाद व्यापारी ने ट्रक का फोटो और चालक का फोटो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किया है। गौरतलब है कि मंडी में व्यापारियों के साथ धोखाधड़ी की इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। पुलिस ने इस मामले में भी प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।