बुलंद सोच, गुना।
गुना जिले के बमोरी थानांतर्गत खैरीखता रोड पर गत शाम एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपती और उनके मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से हुई।
ग्राम मोदील निवासी प्रकाश सहरिया अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ ससुराल में एक बीमार रिश्तेदार को देखकर वापस गांव लौट रहे थे। रात करीब सात बजे खैरीखता मार्ग पर लापरवाही से वाहन चला रहे एक ट्रैक्टर चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सीधे ट्रैक्टर से जा टकराई।
इस दुर्घटना में प्रकाश सहरिया, उनकी पत्नी और उनके दो बच्चे, जिनमें तीन वर्षीय कार्तिक सहरिया भी शामिल हैं, सड़क पर गिरने से जख्मी हो गए। घटना के बाद आरोपित ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से भाग गया।
उसी समय क्षेत्र के दौरे से लौट रहे बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल का वाहन वहां से गुजर रहा था। परिवार को क्षत-विक्षत स्थिति में तड़पता देख विधायक ने तत्काल अपना काफिला रुकवाया।
बिना समय गंवाए विधायक अग्रवाल ने सभी घायलों को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने डॉक्टरों को मुस्तैदी से उपचार के निर्देश भी दिए। विधायक की इस त्वरित मदद से समय पर इलाज शुरू हो सका और परिवार की जान बच गई।
घायलों का फिलहाल जिला अस्पताल में उपचार जारी है। बमोरी पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

