बुलंद सोच, ग्वालियर।
अगस्त महीने की शुरुआत के साथ ही ग्वालियर शहर और आसपास के अंचल में मौसम के मिजाज में बदलाव देखा जा सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 अगस्त से 8 अगस्त के बीच अंचल में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ सकती हैं।
हफ्ते के मध्य में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ-साथ कुछ दिन तेज वर्षा के आसार जताए गए हैं।
जुलाई के अंतिम दिनों में मानसून थोड़ा सुस्त रहने के बाद अब बंगाल की खाड़ी में एक नया कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे प्रदेश की ओर बढ़ेगा।
2 से 4 अगस्त के बीच शहर और ग्रामीण इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने की संभावना है।
5 से 8 अगस्त के बीच मानसून की ट्रफ लाइन ग्वालियर अंचल के करीब से होकर गुजरेगी। इसके प्रभाव से 5 अगस्त के बाद शहर में मध्यम से भारी वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।
पिछले कुछ दिनों से छिटपुट वर्षा और तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही थी, जिससे शहरवासी उमस भरी गर्मी से परेशान थे। इस सप्ताह में वर्षा की गतिविधियों के चलते अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को उमस और चिपचिपाहट वाले पसीने से राहत मिलने की उम्मीद है।
दैनिक वर्षा पूर्वानुमान
2 अगस्त को गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
3 अगस्त को गरज-चमक व हल्की वर्षा हो सकती है।
4 अगस्त को बूंदाबांदी व हल्की वर्षा हो सकती है।
5 अगस्त को कहीं-कहीं पानी की बौछारें आ सकती हैं और हल्की वर्षा हो सकती है।
6 अगस्त को मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है।
7 अगस्त को गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है।
8 अगस्त को गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

