बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर शहर के बाजारों में त्योहारी मौसम के साथ भीड़ बढ़ने लगी है। इसी भीड़ का फायदा उठाने के लिए दूसरे शहरों से आने वाली महिला चोर गैंग एक बार फिर शहर में सक्रिय हो गई है।
रक्षाबंधन से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है, और अब दीवाली तक चलने वाले इस त्योहारी सीजन में यह गैंग ऑटो, ई-रिक्शा, टेंपो, बस और भीड़भाड़ वाले बाजारों में महिलाओं को निशाना बना रही है।
ऐसी दो घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें गैंग ने चोरी को अंजाम दिया, लेकिन एक में भी आरोपी पकड़े नहीं गए।
ये शातिर महिलाएं आमतौर पर झुंड बनाकर निकलती हैं और खरीदारी कर रही महिलाओं या ऑटो में बैठी सवारियों को बातों में उलझाकर या धक्का-मुक्की का बहाना बनाकर उनके पर्स, सोने की चेन और कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती हैं।
वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद यह गैंग शहर से फरार हो जाती है, जिससे पुलिस के लिए इन्हें ट्रेस करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
पूर्व की वारदातें और तरीका
पिछले साल त्योहार के समय महाराज बाड़ा, मुरार और हजीरा के बाजारों की ओर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा में बैठी महिला यात्रियों के बैग से सोने के जेवर और रुपये चुरा लिए गए थे।
कपड़ों और अन्य सामान की दुकानों पर खरीदारी के दौरान महिलाओं की चेन खींचने और पर्स चोरी की घटनाएं हर बार त्योहारी सीजन में होती हैं।
पुलिस की तैयारी और एहतियाती उपाय
त्योहारी सीजन को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों में सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ा दी है।
महिला सेल में पदस्थ महिला पुलिसकर्मी बाजारों में गश्त करेंगी।
पुलिस ने यात्रियों और खरीदारों से सावधानी बरतने की अपील की है; ई-रिक्शा या ऑटो में बैठते समय अपने बैग को हमेशा आगे और संभाल कर रखें।
बाजारों में अत्यधिक भीड़ वाली जगह पर जाने से बचें और अनजान महिलाओं से दूरी बनाए रखें।
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें, जिससे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिये सभी थानों में अलर्ट पहुंच सके और नाकाबंदी की जा सके।

