बुलंद सोच, ग्वालियर।

ग्वालियर के न्यू सिटी सेंटर क्षेत्र में बुधवार रात करीब 10:45 बजे नीडम पुल के नीचे नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी पर हमला कर उससे ₹29,800 की नकदी लूट ली।
द एड्रेस कॉलोनी निवासी 37 वर्षीय व्यापारी निखिल जैन चंद्रबदनी नाका पर स्थित अपनी ‘जय महावीर जनरल स्टोर’ दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, जबकि उनकी पत्नी मोनिका जैन एक्टिवा से आगे चल रही थीं।
जैसे ही निखिल जैन नीडम पुल के नीचे से बाईं ओर मुड़े, वहां पहले से मुंह ढंककर खड़े दो बदमाशों ने उन्हें जोरदार धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। जमीन पर गिरते ही दोनों बदमाशों ने उन पर डंडों और लात-घूंसों से हमला किया।
इस मारपीट में व्यापारी निखिल जैन के होंठ, दोनों कोहनियों और पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। इसके बाद बदमाशों ने उनकी जेब में रखे ₹29,800 नकद छीन लिए।
आगे चल रही पत्नी मोनिका जैन ने पति के साथ मारपीट होते देखी तो वह तुरंत वापस लौटीं और शोर मचाया। महिला को आता देख बदमाश घबरा गए और लूट की रकम लेकर यशोदा रेजीडेंसी की ओर भाग निकले। मोनिका ने एक्टिवा से कुछ दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई
व्यापारी निखिल जैन ने अपने भाई मनोज जैन के साथ विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि नीडम पुल के पास एक व्यापारी के साथ मारपीट और नकदी गायब होने की घटना हुई है। पुलिस व्यापारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है और पैसे गिरने व लूट, दोनों पहलुओं की जांच की जा रही है।

