बुलंद सोच, दतिया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव से पहले भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने बुधवार को शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। उन्होंने मतदाताओं से संवाद साधते हुए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान करने और ‘कमल का बटन’ दबाकर भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत से विजय दिलाने की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी भारी संख्या में शामिल रहे। सभी ने घर-घर जाकर भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारियां नागरिकों तक पहुंचाईं।
जनसंपर्क के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से मुलाकात करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा कि दतिया का समग्र विकास ही भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि दतिया में जारी विकास यात्रा को और अधिक गति देने के लिए जनता का प्रचंड जनसमर्थन जरूरी है।
आशुतोष तिवारी ने जोर देकर कहा कि भाजपा केवल चुनावों में नजर आने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि हर सुख-दुख में जनता के साथ मजबूती से खड़ी रहती है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए योजनाएं चलाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया है।
घर-घर संपर्क के दौरान आशुतोष तिवारी ने स्थानीय निवासियों से क्षेत्र की जरूरतों और विभिन्न मुद्दों पर भी सीधी बात की। उन्होंने सभी की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और भरोसा दिलाया कि दतिया को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाना ही उनका एकमात्र संकल्प है। कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह के बीच भाजपा प्रत्याशी ने दावा किया कि पार्टी का मकसद सिर्फ चुनाव जीतना नहीं, बल्कि हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह 10 बजे तक 16.33 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। उपचुनाव के नतीजे तीन अगस्त को आएंगे।

