BREAKING NEWS
2026-08-01

हरदा RPF ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत यात्री का ₹70 हजार का लैपटॉप बैग लौटाया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अपने ‘ऑपरेशन अमानत’ अभियान के तहत हरदा में एक यात्री का लगभग ₹70,000 कीमती लैपटॉप, चार्जर और आवश्यक दस्तावेजों से भरा बैग सुरक्षित लौटा दिया। यह अभियान यात्रियों का खोया सामान खोजकर उन्हें वापस दिलाने के लिए चलाया जा रहा है।

Advertisement

यह बैग खरगोन जिले के नागझिरी निवासी 20 वर्षीय हर्ष राठौर का था, जो खंडवा से भोपाल जाने के लिए ट्रेन संख्या 17020 में यात्रा कर रहे थे।

ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उन्होंने दूसरी ट्रेन से यात्रा करने का निर्णय लिया और जल्दबाजी में अपना बैग सामान्य कोच में ही छोड़ गए।

RPF की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही हरदा RPF के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) रूपेन्द्र बुवाड़े और प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तिवारी ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

ट्रेन के हरदा स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने संबंधित कोच की तलाशी ली और बैग बरामद कर लिया। यात्री की पहचान और सत्यापन के बाद बैग में रखे एचपी लैपटॉप, चार्जर, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान हर्ष राठौर को सुरक्षित सौंप दिए गए।

यात्रियों से अपील

RPF ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान सामान खोने या ट्रेन में छूटने की स्थिति में तुरंत नजदीकी RPF पोस्ट या ‘रेल मदद’ पर सूचना दें, ताकि समय रहते सामान बरामद किया जा सके।