BREAKING NEWS
2026-07-30

इंदौर में छात्र आंदोलन के बाद प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में 26 दिनों तक चले छात्र आंदोलन के बाद जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष हेल्पलाइन शुरू की है।

मंगलवार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) रोशन राय को 23 सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद कलेक्टर कार्यालय ने हेल्पलाइन नंबर 0731-2431117 जारी किया। प्रशासन ने दावा किया है कि इस नंबर पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर किया जाएगा।

Advertisement

प्रमुख मांगें

छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि ज्ञापन में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पेपर लीक होने की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने, सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने तथा मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) और मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन बोर्ड (एमपीईएसबी) का नियमित परीक्षा कैलेंडर जारी करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल थीं। उन्होंने परीक्षा शुल्क कम करने, नॉर्मलाइजेशन और परसेंटाइल प्रणाली की समीक्षा करने, नजदीकी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की मांग भी रखी।

छात्रवृत्ति एवं अन्य सुविधाएं

ज्ञापन में छात्रवृत्ति समय पर जारी करने, छात्रावासों से जुड़े निर्णयों पर पुनर्विचार करने, बस पास शुल्क वृद्धि वापस लेने, छात्रों को रियायती दर पर एलपीजी कनेक्शन उपलब्ध कराने, नर्सिंग छात्रों की समस्याओं का समाधान करने, सिविल जज भर्ती प्रक्रिया में सुधार करने और कृषि अधिकारी परीक्षा में संवैधानिक प्रावधानों के अनुरूप सीट आवंटन की मांग भी शामिल रही। इसके साथ ही, अनुसूचित जाति, जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति देने की मांग को दोहराया गया।

स्थायी समिति और जांच की मांग

छात्रों ने कलेक्टर की निगरानी में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक स्थायी समिति गठित करने तथा दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की भी मांग उठाई।

छात्र नेता अरुण बड़ोले ने जानकारी दी कि प्रशासन के साथ बस पास, छात्रवृत्ति, आवास सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई है।