BREAKING NEWS
2026-07-24

दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन में शामिल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार शाम भंवरकुआं पर धरना दे रहे युवाओं के बीच जाकर बैठ गए।

Advertisement

युवा और विद्यार्थी टंट्यामामा प्रतिमा के सामने नीट पेपर लीक के खिलाफ तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर करीब 20 दिनों से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

दिल्ली में दो दिन पहले हुए संसद मार्च के दौरान यहां युवाओं की भीड़ बढ़ गई है, जिसे अब कांग्रेस नेता भी समर्थन देने पहुंच रहे हैं।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की शह पर पुलिस आंदोलन को कुचलने और युवाओं को दबाने के लिए भोजन बांटने आ रहे लोगों को थाने में बैठा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोचिंग संस्थानों को संदेश भेजकर धमकाया जा रहा है कि यदि आंदोलन कर रहे छात्रों को नहीं हटाया गया, तो उनकी कोचिंग पर पुलिस कार्रवाई करेगी।

कांग्रेस नेताओं के साथ आंदोलन कर रहे युवाओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

इस बीच, इंदौर में युवाओं ने गुरुवार को भंवरकुआं से गांधी प्रतिमा तक न्याय यात्रा निकालने का ऐलान किया है।

पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और जवाबदेही के अभाव ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है, इन्हीं मुद्दों को लेकर छात्र आंदोलन कर रहे हैं।