बुलंद सोच, इंदौर।

नेमिनाथ चौराहा से जिंसी चौराहा होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक निर्माणाधीन मास्टर प्लान की सड़क की दो लेन 30 अक्टूबर तक आवागमन के लिए खोल दी जाएंगी। यह जानकारी निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने मास्टर प्लान की सड़कों की समीक्षा बैठक के दौरान दी। इस बैठक में मास्टर प्लान सड़कों के पैकेज एक, दो और चार की निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और कंसल्टेंट उपस्थित थे।
निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर स्थिति में कार्य समय पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने नेमिनाथ चौराहा से जिंसी होते हुए लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक दो लेन सड़क निर्माण कार्य को 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने अन्य सड़क निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने और आवश्यकतानुसार पृथक टीम लगाकर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
अन्य परियोजनाओं की प्रगति
बैठक में निगमायुक्त ने सांवेर रोड पेट्रोल पंप से शिवशक्ति नगर तक सड़क निर्माण कार्य को 25 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
एमआर-5 से पीएमएवाइ तक सड़क निर्माण में पुलिया निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, भामोरी से एयरोप्लेन चौराहा तक सड़क पर पृथक रूप से पुलिया निर्माण कार्य शुरू करने के भी निर्देश दिए गए।
मूसाखेड़ी से सांवरिया धाम मंदिर तक सर्विस रोड का निर्माण 30 अक्टूबर तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
गुटकेश्वर मंदिर और सदर बाजार की ओर फोर लेन सड़क निर्माण कार्य 25 अक्टूबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सदर बाजार रोड से गुटकेश्वर मंदिर तक सड़क निर्माण कार्य को अगले तीन माह में पूरा करने का निर्देश दिया गया।
होटल प्राइड से सिटी फारेस्ट तक फेंसिंग का काम पूर्ण कर सड़क निर्माण तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
जमजम चौराहा से स्टार चौराहा तक सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा मानकों पर जोर
निगमायुक्त ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में जहां भी सड़क अथवा अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर हैं, वहां सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए। आवश्यक बैरिकेडिंग, संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

