बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर में बैंक ग्राहकों को अपने आवश्यक बैंकिंग कार्य निपटाने के लिए सीमित दिन बचे हैं, क्योंकि शहर में बैंक 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों के लिए बंद रहेंगे। यह बंदी शासकीय अवकाश और बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित हड़ताल के कारण होगी।
इनमें 26 सितंबर को शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण शासकीय अवकाश रहेगा। इसके बाद बैंक कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर जाने की घोषणा की है, जिस दौरान सभी बैंक बंद रहेंगे। हालांकि, कुछ बैंकों में रविवार को कामकाज की सूचना है, लेकिन सामूहिक प्रभाव से ग्राहकों को परेशानी हो सकती है।
बैंक अधिकारी-कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर रहेंगे। इन मांगों में प्रमुख रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है।
हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज प्रभावित हो सकता है। नकद जमा और निकासी, चेक जमा एवं क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट, बैंक खाते से जुड़े कई कार्य और अन्य शाखा-आधारित सेवाएं भी प्रभावित होने की आशंका है। हालांकि, एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है, फिर भी बैंकिंग व्यवस्था पर सामूहिक असर से कुछ सेवाओं में देरी हो सकती है।
जबलपुर की बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। शनिवार और रविवार की छुट्टी के ठीक पहले हड़ताल होने के कारण ग्राहकों के पास बैंक से जुड़े जरूरी काम पूरे करने के लिए सीमित दिन ही बचेंगे। जबलपुर में बड़ी संख्या में ग्राहक वेतन, पेंशन, व्यापारिक भुगतान और घरेलू जरूरतों के लिए बैंकिंग सेवाओं पर ही निर्भर हैं।
महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के जनरल सेक्रेटरी अखिल मिश्रा ने कहा कि व्यापार मुख्यतौर पर वित्तीय कामकाज के लिए बैंक पर ही निर्भर है, ऐसे में बैंकों का पांच दिन बंद होना मुश्किल खड़ी कर सकता है। बैंक ऑफ बड़ौदा, शास्त्री ब्रिज के प्रबंधक राजीव कुमार द्विवेदी ने बताया कि बैंक यूनियन की मांग है कि बैंक कम से कम पांच दिन ही खुले, क्योंकि भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) में भी पांच दिन की वर्किंग है।
बैंक ग्राहकों को सलाह दी गई है कि जिन्हें 28 से 30 सितंबर के बीच नकदी की आवश्यकता पड़ सकती है, वे पहले ही इसकी व्यवस्था कर लें। इसी प्रकार, जिन ग्राहकों को चेक जारी करने हैं या किसी भुगतान के लिए चेक जमा करना है, वे अंतिम समय का इंतजार न करें। कारोबारियों के लिए भी सलाह है कि वे अपने जरूरी बैंक ट्रांजेक्शन और चेक क्लियरेंस की योजना पहले से बना लें। जबलपुर के ग्राहकों के लिए यह आवश्यक है कि वे 25 सितंबर तक अपने बैंकिंग काम पूरे कर लें और अंतिम समय में शाखा पहुंचने की स्थिति से बचें।
सितंबर महीने में बैंकिंग सेवाओं पर यह दूसरी बार बड़ा असर पड़ने की स्थिति बन रही है। इससे पहले, 11, 12 और 13 सितंबर को भी हड़ताल और छुट्टी के कारण कामकाज प्रभावित हुआ था।

