बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर में परिवहन विभाग द्वारा बस किराए में बढ़ोतरी की अधिसूचना जारी होने के बाद शुक्रवार, 7 अगस्त की सुबह से नई किराया दरें लागू हो गई हैं। इससे पूर्व, बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने सोमवार से किराया बढ़ाने की बात कही थी।
अब प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये के स्थान पर दो रुपये होगा। डीलक्स, एसी और अन्य लग्जरी बसों के लिए अलग किराया निर्धारित किया गया है। नई दरें लागू होने से जबलपुर से पनागर, भेड़ाघाट, बरगी, मझौली, कुंडम, सिहोरा, मनेरी, बरेला, कटंगी और आसपास के अन्य मार्गों पर यात्रा महंगी हो जाएगी।
अधिकांश रूटों पर किराए में 20 से 100 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होगी। बस संचालकों के अनुसार, बढ़ी हुई डीजल कीमतों और संचालन लागत को देखते हुए संशोधित किराया लागू करना आवश्यक हो गया था।
यात्रियों से अब नई किराया सूची के अनुसार ही किराया वसूला जाएगा। बस ऑपरेटर एसोसिएशन के संजय शर्मा ने बताया कि सभी रूटों की दूरी के आधार पर किराया सूची तैयार कर ली गई है। शुक्रवार सुबह से सभी बसों में संशोधित किराया लागू किया गया।
नई व्यवस्था के तहत सामान्य बसों में पहले पांच किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया सात रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया गया है।
प्रदेशव्यापी बस हड़ताल स्थगित
मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन ने 7 अगस्त की रात 12 बजे से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बस हड़ताल स्थगित कर दी है। एसोसिएशन ने बताया कि 55 जिलों के बस संचालकों की बैठक के बाद सात सूत्रीय मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन सौंपा गया था।
मांगों के निराकरण के लिए पिछले पांच दिनों में परिवहन मंत्री के साथ चार दौर की चर्चा हुई। गुरुवार शाम सभी सात सूत्रीय मांगों पर सहमति बन गई, जिसके बाद प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया।
इसके चलते शुक्रवार से प्रदेशभर में बसों का संचालन पूर्व की तरह सामान्य रूप से जारी रहेगा, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। मध्य प्रदेश बस एसोसिएशन ने मांगों के निराकरण पर मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है।
एसोसिएशन ने कहा कि सरकार द्वारा सकारात्मक पहल किए जाने के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। अब प्रदेश की सभी निजी बसें पूर्व निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होंगी।

