बुलंद सोच, जबलपुर।

गुरुवार को महिला एवं बच्चियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे गरिमा अभियान के तहत महिला पुलिस अधिकारियों ने शक्ति टास्क फोर्स के साथ स्कूलों के आसपास सघन कार्रवाई की। इस दौरान स्कूलों के बाहर घूम रहे मनचलों, संदिग्ध युवकों और बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट अथवा टूटी नंबर प्लेट वाले वाहनों के साथ घूम रहे युवकों की जांच कर उन पर कार्रवाई की गई। स्कूलों के आसपास अकारण घूमते मिले युवकों को थाने ले जाया गया, जहां आवश्यक पूछताछ के बाद दोबारा स्कूलों के आसपास जमे मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी देकर छोड़ा गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत की और उनकी सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। छात्राओं से कहा गया कि यदि कोई व्यक्ति छेड़छाड़ या परेशान करने की कोशिश करे तो बिना डरे तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्हें सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी बताया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि बेटियां स्कूल, कोचिंग एवं अन्य किसी भी स्थान पर बिना भय के आवागमन करें। उन्होंने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करेगी।
परिवहन संबंधी अपडेट
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश में बस किराया बढ़ा दिया गया है। जबलपुर में अब 5 किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया 10 रुपये निर्धारित किया गया है।

