बुलंद सोच, जबलपुर।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर मेडिकल यूनिवर्सिटी को एम्स बनाने की घोषणा की। यह घोषणा शनिवार को नगर निगम द्वारा आयोजित 362 करोड़ रुपए की लागत के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन समारोह के दौरान की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस कदम से जबलपुर के नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री यादव ने जबलपुर में फर्नीचर क्लस्टर बनाने की भी घोषणा की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में सांदीपनि विद्यालय बनाने का ऐलान किया।
विकास कार्यों का लोकार्पण
घंटाघर स्थित गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 362.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार अमृत 1.0 सीवेज परियोजना का लोकार्पण किया। उन्होंने सिविल लाइन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडर्न लॉन्ड्री की सौगात भी दी। मुख्यमंत्री ने गुरंदी में 2.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए पक्के मत्स्य बाजार का भी लोकार्पण किया, जिससे 55 मछली कारोबारियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त दुकानें मिलेंगी।
अभियान और योजना का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को डिजिटल कार्ड प्रदान किए। इससे पहले, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने डुमना नेचर पार्क में ‘कैच द रेन’ अभियान के कार्य के साथ ही 11 लाख पौधारोपण महाअभियान का शुभारंभ किया। यह महाअभियान नगर निगम द्वारा जापानी मियावाकी पद्धति से पौधारोपण कर शुरू किया गया है।

