बुलंद सोच, जबलपुर।
जबलपुर में मानसून के पुनः सक्रिय होने से बारिश का सिलसिला फिर से आरंभ हो गया है। बुधवार को सुबह से दिनभर रुक-रुककर कहीं रिमझिम तो कहीं झमाझम बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, बुधवार को सुबह से रात नौ बजे तक केवल चार मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने सक्रिय मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में जिले और संभाग में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य छत्तीसगढ़ और उससे लगे उत्तर आंतरिक ओडिशा के ऊपर बना गहरा अवदाब पश्चिम दिशा की ओर अग्रसर है। यह मौसमी प्रणाली मध्य छत्तीसगढ़ के निकट केंद्रित रही और बिलासपुर से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपूर्व तथा चांपा क्षेत्र से होते हुए अगले 24 घंटों में पश्चिम की ओर बढ़ेगी।
इस प्रणाली के छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे विदर्भ क्षेत्र से गुजरने की संभावना है। इसके प्रभाव से जबलपुर सहित संभाग के जिलों में अगले कुछ दिनों तक मध्यम से अच्छी बारिश होने के आसार हैं।
इस मानसून सीजन में जिले में अब तक कुल 310 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 711.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी।
बुधवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को हुई बारिश के कारण शहर की मुख्य सड़कों, कई मोहल्लों और कॉलोनियों में आंशिक जलभराव देखा गया। नालियां चोक होने से बारिश का पानी समय पर नहीं निकल सका। इसी दौरान, जीसीएफ हॉस्पिटल के सामने रांझी रोड पर एक पेड़ अचानक गिर गया, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
आगामी दो दिनों का मौसम पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 जुलाई को जबलपुर में अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। 31 जुलाई को अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
कटनी में इन दोनों दिनों अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मंडला में 30 जुलाई को अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस तथा 31 जुलाई को अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है।

