बुलंद सोच, कुक्षी।

कुक्षी के सुतार मोहल्ले के 26 वर्षीय युवक को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से वीडियो कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को ‘दिल्ली क्राइम ब्रांच’ का अधिकारी बताया और युवक के अश्लील वीडियो के वॉट्सएप पर होने का दावा किया। उसे यह वीडियो यूट्यूब और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई।
वीडियो डिलीट करने के नाम पर क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान करने को कहा गया। युवक ने पहले 2,500 रुपये और फिर 5,000 रुपये जमा कराए।
इसके बाद भी सामने वाले ने पैसे मांगना बंद नहीं किया। डर के कारण युवक ने अलग-अलग किस्तों में 19,000 रुपये, 19,999 रुपये, 27,000 रुपये और 20,000 रुपये भेजे। इस प्रकार उसके खाते से कुल 93,499 रुपये निकल गए।
भुगतान के बाद भी फोन कर और पैसे डालने का दबाव बनाया जाता रहा। युवक को बताया गया था कि उसका भुगतान 24 घंटे के भीतर वापस आ जाएगा, लेकिन यह राशि वापस नहीं मिली।
पुलिस कार्रवाई
ठगी का अहसास होने पर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अनु सिर्वी मोहल्ला रामचौक निवासी रितिक पिता राजेश चोयल की दुकान पर 6 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच यह घटना हुई थी।
पुलिस ने जीरो एफआईआर क्रमांक 668/2026 के आधार पर कुक्षी थाने में प्रकरण क्रमांक 411/26 दर्ज किया है। यह प्रकरण बीएनएस की धारा 318(4) और 319(2) के तहत पंजीकृत किया गया है।

