BREAKING NEWS
2026-07-29

कुरनूल में सेमीफाइनल हार के बाद रियल एस्टेट कारोबारी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से की फायरिंग

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, कुरनूल।

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में एक रियल एस्टेट कारोबारी ने बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में टीम की हार के बाद कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार शाम को बैडमिंटन अकादमी के बाहर हुई। पिछले चार सप्ताह से यहां कुर्नूल बैडमिंटन प्रीमियर लीग (केबीपीएल) का आयोजन चल रहा है। सेमीफाइनल में टीम की हार के बाद आरोपी ने कथित तौर पर जमीन पर तीन राउंड फायर किए।

Advertisement

कुरनूल के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) राघवेंद्र ने बताया कि आरोपी कौशिक के पास .32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर है। उन्होंने कहा कि सेमीफाइनल में हार के बाद निराशा में कौशिक ने जमीन पर तीन गोलियां चलाईं। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी कौशिक को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और हथियार जब्त करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस अधीक्षक विक्रांत पटेल के माध्यम से जिला कलेक्टर ए. सिरी को उसका शस्त्र लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी भेजी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, कौशिक रियल एस्टेट कारोबारी है। आत्मरक्षा के उद्देश्य से उसे कई वर्ष पहले हथियार का लाइसेंस जारी किया गया था, जो अब भी वैध है।

डीएसपी राघवेंद्र ने कहा कि फायरिंग से पहले किसी तरह का विवाद या हाथापाई नहीं हुई थी। शुरुआती जांच में मामला सेमीफाइनल में हार के बाद हुई निराशा से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया कि कौशिक टीम का कप्तान नहीं था। वह टूर्नामेंट में भाग ले रही अनन्या फ्रेंचाइजी का एक सदस्य था। मामले की विस्तृत जांच जारी है।