BREAKING NEWS
2026-07-23

ललितपुर स्टेशन पर नान-इंटरलाकिंग कार्य पूरा, रेल संचालन सामान्य

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

झांसी मंडल के ललितपुर स्टेशन पर यार्ड रिमाडलिंग के लिए चल रहा नान-इंटरलाकिंग कार्य पूरा होने के बाद मंगलवार से रेल संचालन सामान्य हो गया। इस कार्य के चलते पिछले कुछ दिनों से निरस्त या परिवर्तित मार्ग से चलाई जा रहीं कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया गया।

Advertisement

मंगलवार से ट्रेन क्रमांक 12192 श्रीधाम एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 12721 दक्षिण एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 12716 सचखंड एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 12782 हजरत निजामुद्दीन-मैसूर एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 12808 समता एक्सप्रेस, ट्रेन क्रमांक 20808 हीराकुंड एक्सप्रेस तथा ट्रेन क्रमांक 12780 गोवा एक्सप्रेस का संचालन पूर्व निर्धारित समय और मार्ग पर शुरू कर दिया गया।

ललितपुर स्टेशन पर खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों का नियमित ठहराव भी बहाल कर दिया गया है। इसके अलावा खजुराहो वंदे भारत और गीता जयंती एक्सप्रेस का ठहराव भी ललितपुर स्टेशन पर दिया गया है।

इटावा-कोटा एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव

कोटा रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के कारण ट्रेन क्रमांक 19812 इटावा-कोटा एक्सप्रेस के संचालन में किया गया बदलाव अब 23 जुलाई तक जारी रहेगा।

रेलवे ने हाल ही में शार्ट टर्मिनेशन की अवधि बढ़ा दी है। पहले यह व्यवस्था चार जुलाई से 17 जुलाई तक लागू थी, जिसे बढ़ाकर अब 18 से 23 जुलाई तक कर दिया गया है। इस दौरान इटावा-कोटा एक्सप्रेस कोटा स्टेशन तक नहीं जाएगी, बल्कि इसका संचालन सोगरिया स्टेशन तक ही सीमित रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी 139 हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।