BREAKING NEWS
2026-07-24

अशोक बर्णवाल मध्य प्रदेश के नए मुख्य सचिव नियुक्त

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक बर्णवाल को प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में बुधवार को मध्य प्रदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने आगामी आदेश तक उन्हें अस्थायी रूप से यह जिम्मेदारी सौंपने का आदेश जारी किया।
अशोक बर्णवाल 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने बीटेक (माइनिंग इंजीनियरिंग) के साथ पब्लिक पॉलिसी एंड मैनेजमेंट में उच्च शिक्षा प्राप्त की है।
वर्तमान में वे मध्य प्रदेश शासन में अपर मुख्य सचिव, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के पद पर कार्यरत हैं। उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का अतिरिक्त प्रभार भी है। साथ ही वे खाद्य सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।
झारखंड से आने वाले बर्णवाल को स्वास्थ्य, प्रशासन और नीति निर्माण से जुड़े विभिन्न विभागों में काम करने का लंबा अनुभव है। प्रशासनिक दक्षता और वरिष्ठता के आधार पर उन्हें प्रदेश की नौकरशाही का अनुभवी अधिकारी माना जाता है।
अशोक बर्णवाल 31 जनवरी 2027 को सेवानिवृत्त होंगे।

अनुराग जैन बने नीति आयोग के सीईओ

अशोक बर्णवाल वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन का स्थान लेंगे, जिन्हें केंद्र सरकार ने नीति आयोग का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बनाया है।
केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने बुधवार को जारी आदेश में 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को नीति आयोग का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की मंजूरी दी।
आदेश के अनुसार, वे पदभार ग्रहण करने की तिथि से अपना कार्यभार संभालेंगे। उनका कार्यकाल उनकी स्वीकृत सेवा-अवधि तक और उसके बाद अधिकतम दो वर्ष अथवा अगले आदेश तक रहेगा, जो भी पहले हो।
अनुराग जैन मूल रूप से 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे। केंद्र सरकार ने उन्हें सेवानिवृत्ति से ठीक पहले एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया था, जिसके बाद उनका वर्तमान कार्यकाल 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित है।

Advertisement