BREAKING NEWS

मध्य प्रदेश में बस किराया बढ़ा, जबलपुर में न्यूनतम किराया 10 रुपये हुआ

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

प्रदेश सरकार के नए गजट नोटिफिकेशन के बाद जबलपुर शहर और आसपास संचालित बसों का किराया बढ़ जाएगा। परिवहन विभाग के अनुसार, सामान्य बसों में पहले पांच किलोमीटर तक का न्यूनतम किराया सात रुपये के स्थान पर 10 रुपये होगा।
पांच किलोमीटर से अधिक दूरी पर अब प्रति किलोमीटर 1.25 रुपये की जगह दो रुपये की दर से किराया लिया जाएगा। नई दरें लागू होने से जबलपुर से पनागर, भेड़ाघाट, मझौली, कुंडम, बरगी, मनेरी और अन्य उपनगरीय मार्गों पर सफर महंगा हो जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रिंकू शर्मा ने बताया कि यदि कोई यात्री 5.5 किलोमीटर की दूरी तय करता है तो उसे पहले पांच किलोमीटर के लिए न्यूनतम 10 रुपये और शेष आधा किलोमीटर के लिए दो रुपये अतिरिक्त देने होंगे, जिससे उसका कुल किराया 12 रुपये होगा।
रिंकू शर्मा ने यह भी बताया कि नए गजट नोटिफिकेशन के अनुसार सभी संचालकों को संशोधित किराया लागू करना होगा।

Advertisement

प्रमुख मार्गों पर संभावित नया किराया

रेलवे स्टेशन से देवरी (पनागर) तक 23 किलोमीटर की दूरी के लिए पुराना अनुमानित किराया 30 रुपये था, जो अब 46 रुपये होगा। आईएसबीटी से बरेला तक 23 किलोमीटर के लिए भी पुराना अनुमानित किराया 30 रुपये से बढ़कर 46 रुपये होगा।
पाटन बायपास से भेड़ाघाट तक 26 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 34 रुपये था, जो अब 52 रुपये होगा। तिलवारा घाट से देवरी तक 28 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 36 रुपये से बढ़कर 56 रुपये हो जाएगा।
पिपरिया से भेड़ाघाट (36 किमी) और रेलवे स्टेशन से शाहपुरा (36 किमी) तक के लिए पुराना अनुमानित किराया 46 रुपये था, जो अब 72 रुपये होगा। रांझी से डोंगरिया इंडस्ट्रियल एरिया तक 38 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 49 रुपये से बढ़कर 76 रुपये हो जाएगा।
देवरी से भेड़ाघाट तक 39 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 50 रुपये था, जो अब 78 रुपये होगा। रेलवे स्टेशन से कटंगी बस स्टैंड तक 40 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 51 रुपये से बढ़कर 80 रुपये हो जाएगा।
आईएसबीटी से मनेरी तक 44 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 56 रुपये था, जो अब 88 रुपये होगा। रेलवे स्टेशन से सिहोरा तक 46 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 58 रुपये से बढ़कर 92 रुपये हो जाएगा। रेलवे स्टेशन से मझौली तक 48 किलोमीटर के लिए पुराना अनुमानित किराया 61 रुपये से बढ़कर 96 रुपये हो जाएगा।
आईएसबीटी से कुंडम तक 53 किलोमीटर की दूरी के लिए पुराना अनुमानित किराया 67 रुपये था, जो अब 106 रुपये होगा।

किराया गणना का आधार

पुराने किराया गणना का आधार पहले पांच किलोमीटर तक न्यूनतम सात रुपये तथा उसके बाद 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर था।
अब नए किराए की गणना का आधार पहले पांच किलोमीटर तक न्यूनतम 10 रुपये तथा उसके बाद दो रुपये प्रति किलोमीटर है।

शहरी और उपनगरीय मार्गों पर असर

गजट में जबलपुर के 18 शहरी एवं उपनगरीय मार्गों को अधिसूचित किया गया है, जिनमें रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी, रांझी, पाटन, भेड़ाघाट, बरगी, कुंडम, सिहोरा, मझौली, बरेला, मनेरी और देवरी (पनागर) जैसे प्रमुख रूट शामिल हैं।
नई किराया व्यवस्था लागू होने के बाद प्रतिदिन इन मार्गों पर आने-जाने वाले हजारों यात्रियों की यात्रा लागत बढ़ जाएगी।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संशोधित किराया सूची शीघ्र ही बस संचालकों को उपलब्ध करा दी जाएगी, जिसके बाद नई दरों के अनुसार यात्रियों से किराया वसूला जाएगा।

नई परिवहन नीति के विरोध में बसें बंद

मध्य प्रदेश में 7 अगस्त की रात से बसें बंद हो जाएंगी, जिससे सैकड़ों बसों के पहिए थम जाएंगे। यह निर्णय नई परिवहन नीति के विरोध में लिया गया है।