BREAKING NEWS
2026-10-17

पुलिस भर्ती में आयु सीमा पर विवाद: 7500 पदों पर हजारों अभ्यर्थी हुए ओवरएज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) और आरक्षक (कांस्टेबल) के करीब 7500 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा की गणना को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल (ESB) द्वारा जारी अधिसूचना में कटऑफ तारीख 1 जनवरी 2026 के स्थान पर 23 सितंबर 2026 तय की गई है। इस बदलाव के कारण सालों से तैयारी कर रहे कई अभ्यर्थी महज कुछ दिनों या महीनों के अंतर से अधिकतम आयु सीमा पार कर चुके हैं।

Advertisement

अभ्यर्थियों की मांग और तर्क

प्रभावित उम्मीदवारों ने मुख्य सचिव, डीजीपी और ईएसबी अध्यक्ष को ज्ञापन देकर भर्ती में शुद्धि-पत्र (Corrigendum) जारी करने की मांग की है। उनका कहना है कि आयु की गणना 1 जनवरी 2026 से ही की जानी चाहिए। उम्मीदवारों का तर्क है कि MPPSC की परीक्षाओं के अलावा जेल, वन और आबकारी जैसे अन्य वर्दीधारी विभागों में कनिष्ठ सेवा भर्ती नियम 2013 के तहत 1 जनवरी को ही कटऑफ माना जाता है। ऐसे में पुलिस विभाग के लिए अलग नियम क्यों लागू किया गया है?

प्रभावित उम्मीदवारों के उदाहरण

अतुल पाल (OBC वर्ग) की उम्र 23 सितंबर की गणना के अनुसार 38 वर्ष 7 माह हो रही है। 1 जनवरी से गणना होने पर वे पात्र होते। अभिषेक सिंह (सामान्य वर्ग) की उम्र 33 वर्ष 7 माह पहुंच चुकी है, जबकि 1 जनवरी कटऑफ रहने पर वे आवेदन करने के योग्य रहते।

प्रशासन का पक्ष

इस मामले पर एडीजी (चयन एवं भर्ती) शाहिद बं के अनुसार, आवेदन करने की अंतिम तिथि (23 सितंबर) को ही विभागीय जीओपी (General Order Police) के प्रावधानों के आधार पर कटऑफ डेट तय किया गया है। पूर्व में आयोजित हुई भर्तियों में भी इसी प्रक्रिया का पालन किया गया था।