बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे ने गुरुवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने भोपाल स्थित लोकभवन के सांदीपनि सभागार में आयोजित समारोह में न्यायमूर्ति कोगजे को शपथ दिलाई।
न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के 30वें मुख्य न्यायाधिपति बने हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के उपरांत राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने न्यायमूर्ति कोगजे को पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधिपति नियुक्त किए जाने संबंधी अधिसूचना का वाचन किया।
समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् और समापन राष्ट्रगान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।
समारोह में उपस्थित प्रमुख हस्तियां
समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल, कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, भोपाल महापौर मालती राय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। इसके अलावा, मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया, न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट, न्यायमूर्ति विनय सराफ और न्यायमूर्ति रमेश फड़के सहित न्यायिक अधिकारी भी समारोह में शामिल हुए।
मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, अपर मुख्य सचिव डॉ. शिवशेखर शुक्ला और संजय शुक्ला, राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी तथा पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना भी उपस्थित रहे। समारोह में मध्यप्रदेश, गुजरात और उत्तर प्रदेश के उच्च न्यायालयों के न्यायमूर्तिगण, सांसद, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता तथा विभिन्न आयोगों के पदाधिकारी भी शामिल हुए।

