बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल की सामाजिक कार्यकर्ता एवं उद्दीप सोशल वेलफेयर सोसायटी की संस्थापक पूनम श्रोती को राष्ट्रपति भवन में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के विशेष ‘एट होम’ समारोह में शामिल होने का आधिकारिक आमंत्रण मिला है।
वे 15 अगस्त को आयोजित इस प्रतिष्ठित समारोह में शामिल होंगी।
आमंत्रण मिलने पर उन्होंने इसे केवल अपना नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए कार्य कर रहे पूरे सामाजिक क्षेत्र का सम्मान बताया।
प्रेरणा और प्रतिबद्धता
पूनम श्रोती ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
उनका मानना है कि यह अवसर उन्हें समाज सेवा और दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए अपने प्रयासों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।
पूर्व सम्मान और संघर्ष
पूनम श्रोती को राष्ट्रपति द्वारा देश की 100 प्रेरणादायी महिलाओं में सम्मानित किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त, उन्हें मध्य प्रदेश शासन के नारी शक्ति सम्मान और महर्षि दधीचि सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
पूनम जन्म से व्हीलचेयर का उपयोग करती हैं और एक असाध्य बीमारी से भी जूझ रही हैं।
इन चुनौतियों के बावजूद, वे दिव्यांगजनों की सुगम्यता और समान अवसरों के लिए लगातार सक्रिय हैं।
हाल ही में उन्होंने इन मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा था।

