बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में विजय नगर पुलिस ने बीच चौराहे पर एक युवती को बेल्ट से पीटने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था।
आरोपित युवक का अब कान पकड़कर माफी मांगते हुए एक वीडियो भी जारी हुआ है।
टीआई सीके पटेल के अनुसार, गुरुवार दोपहर रेडिसन होटल के समीप चौराहे पर एक युवक युवती को बेल्ट से पीट रहा था। प्रारंभ में कुछ लोगों ने युवती को युवक की पत्नी बताया और दावा किया कि वह पति की गैरमौजूदगी में किसी और के साथ घूम रही थी, जिस पर युवक ने उसे पकड़कर धोखे का आरोप लगाया था।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर युवक-युवती की पहचान की तो पता चला कि दोनों दोस्त रहे हैं। युवती से युवक का ब्रेकअप हो गया था और वह किसी और के साथ घूमने लगी थी।
गुरुवार को दोनों का सामना हो गया, जिसके बाद युवक को गुस्सा आ गया और उसने युवती से मारपीट की। टीआई पटेल के मुताबिक, पुलिस ने मामले में आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

