बुलंद सोच।

सर्बिया के नोवी साद में चल रहे वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026 में भारत के राहुल शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल स्टैंडर्ड (SH1) इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। राहुल शर्मा ने इस टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही एक नया विश्व रिकॉर्ड भी बनाया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्बिया में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट्स वर्ल्ड कप 2026 में 10 मीटर एयर पिस्टल स्टैंडर्ड (SH1) स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज राहुल शर्मा को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल शर्मा की यह ऐतिहासिक उपलब्धि करोड़ों भारतीयों के लिए गर्व का क्षण है और उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों को बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देगी।

इससे पहले शनिवार को राजस्थान की पैरा निशानेबाज और अर्जुन पुरस्कार-2024 से सम्मानित मोना अग्रवाल ने कांस्य पदक जीता था। उन्होंने SH1 वर्ग की R2 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत के लिए प्रतियोगिता का पहला पदक हासिल किया। इस पदक के साथ ही उन्होंने टूर्नामेंट में भारत का पदक खाता भी खोला।

