BREAKING NEWS
2026-07-29

रायसेन में हार्डवेयर व्यापारी राकेश लोधी की तलवार से हमला कर हत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रायसेन।

रायसेन जिले के सांची थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक हार्डवेयर व्यापारी पर बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तलवारों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यापारी की भोपाल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

Advertisement

मृतक की पहचान ग्राम मेढ़की निवासी 26 वर्षीय राकेश लोधी के रूप में हुई है, जो सलामतपुर चौराहे पर हार्डवेयर की दुकान चलाता था। शनिवार रात करीब 9 बजे वह दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे घेर लिया।

बदमाशों के तलवारों से किए गए हमले में राकेश लोधी गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके एक हाथ की हथेली अलग हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर परिजन राकेश को गंभीर हालत में भोपाल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को आधार बनाकर जांच की जा रही है। पुलिस पारिवारिक और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है, जिसके तहत परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले भी राकेश लोधी पर घर जाते समय हमला करने का प्रयास किया गया था। तब उनकी आंखों में मिर्ची डालकर हमलावरों ने हमला करने की कोशिश की थी, जिसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज की गई थी।

उस समय पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी। राकेश लोधी को लगा था कि मामला शांत हो गया है, जिसके बाद वह बेफिक्री से आना-जाना करने लगे थे।

राकेश लोधी की शादी इसी साल 12 मई को सालेरा निवासी वंदना लोधी से हुई थी।