बुलंद सोच, मुंबई।

मुंबई में एक छात्र प्रदर्शन के दौरान मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन रौनक रजनी और उनकी पत्नी के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई। उनकी पत्नी को कथित तौर पर एक पुरुष पुलिस अधिकारी ने पीटा, जिससे उनकी पसली टूट गई। कॉमेडियन ने अब अपनी पत्नी की रिपोर्ट और मारपीट के वीडियो पोस्ट करके मुंबई पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
रौनक रजनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो जारी कर बताया है कि प्रदर्शन के कारण उनकी पत्नी की पसली टूट गई है, जिसे एक पुलिसकर्मी ने तोड़ा है। उन्होंने अपनी पत्नी की मेडिकल रिपोर्ट भी साझा की।
रजनी ने आगे कहा, ’22 जुलाई को शाम 4 बजकर 47 मिनट पर मुझे और मेरी पत्नी को हिरासत में लिया गया था। पुलिस शिवाजी पार्क में चल रहे प्रदर्शन से लोगों को बेवजह उठा रही थी।’
उन्होंने बताया कि उन्हें बेरहमी से धक्का देकर हटाया गया, जिससे उनकी गर्दन में मोच आ गई और उनकी पसलियों में दर्द होने लगा। रजनी ने कहा कि उन्होंने इसे बड़ा मुद्दा नहीं बनाया, क्योंकि लोगों के साथ इससे भी ज्यादा बर्बरता हुई और वे पुलिस की बेरहमी का शिकार हुए।
कॉमेडियन ने आगे कहा कि वे दिल्ली वापस आ गए, लेकिन उनकी पत्नी का दर्द कम नहीं हो रहा था। वे डॉक्टर के पास गए, जिन्होंने एक्स-रे की सलाह दी, जिसमें फ्रैक्चर का पता चला।
वीडियो में कॉमेडियन ने वे फुटेज भी दिखाए, जिनमें उनके और उनकी पत्नी के साथ पुलिस मारपीट करती नजर आ रही है। कॉमेडियन ने बताया कि विवाद तब शुरू हुआ, जब पुलिस कुछ शांत खड़े बच्चों को जबरदस्ती हिरासत में ले रही थी।
जब उन्होंने दूर से पुलिस को रोकने की कोशिश की, तो एक पुलिसकर्मी उन्हें खींचने लगा। कॉमेडियन के साथ धक्का-मुक्की होते देख पत्नी पास आईं, उससे पहले कॉमेडियन को जमीन पर पटक दिया गया। कुछ देर बाद दोनों को जबरदस्ती धक्के देते हुए बस के अंदर किया गया, जहां एक पुलिसकर्मी ने कॉमेडियन की पत्नी को लात मारी। वीडियो में पुलिसकर्मी लात मारते हुए साफ नजर भी आया है।
साझा किए गए वीडियो में कॉमेडियन ने मुंबई पुलिस, राहुल गांधी, कॉकरोज जनता पार्टी, शिव सेना और कांग्रेस को भी टैग किया है।

