बुलंद सोच, उज्जैन।

मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ साध्वी हर्षानंद गिरी ने कुछ संतों पर अपने आश्रमों में ही पार्लर बुलाकर मैनिक्योर-पेडिक्योर कराने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि वे स्वयं यह सब नहीं कराती हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि जब लक्ष्मी जी, कृष्ण जी और नारायण इतने सुंदर तरीके से रहते हैं, तो उनकी पूजा करने वाला या उनको मानने वाला भी सुंदर रहने का अधिकारी है।
संन्यास लेने के बाद कई संतों ने उन पर मेकअप करने, बाल रंगने और लिपस्टिक लगाकर प्रवचन देने के आरोप लगाए थे। यह भी कहा गया था कि संन्यास लेने के बावजूद वे अपने माता-पिता के घर जाकर रहती हैं।
गुरु पूर्णिमा पर उज्जैन पहुंचीं साध्वी हर्षानंद ने इन टिप्पणियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने संतों के आश्रमों में महिला सुरक्षा और कुछ संतों द्वारा चोरी-छिपे ब्यूटी पार्लर की सेवाएं लेने का आरोप भी लगाया।
हर्षानंद ने चुनौती देते हुए कहा कि कोई संत ऐसा नाम बताएं जो उन्हें 100% सुरक्षा के साथ अपने आश्रम में रखेंगे और यह गारंटी लेंगे कि ‘मेरी बेटी के समान है, मेरे जीवन पर्यंत इसे कुछ नहीं होगा’। उन्होंने कहा कि ऐसी गारंटी मिलने पर वे उस आश्रम को अपना ठिकाना बना लेंगी।
साध्वी हर्षानंद ने कहा कि जब तक उनका खुद का कोई ठिकाना नहीं होगा, तब तक उनके पास दो ही विकल्प होंगे: या तो वे गुरु जी के आश्रम में रहें या अपने माता-पिता के घर में, जहां वे अधिक सुरक्षित महसूस करती हैं।
साध्वी हर्षानंद गिरी ने 18 अप्रैल को उज्जैन के मौनी तीर्थ आश्रम में महामंडलेश्वर सुमनानंद से दीक्षा लेकर संन्यास ग्रहण किया था। इस दीक्षा के दौरान उन्होंने पिंडदान भी किया था।
संन्यास के बाद से वे विभिन्न धार्मिक आयोजनों में व्यासपीठ से प्रवचन देती नजर आई हैं।
हर्षा रिछारिया उर्फ हर्षानंद गिरी ने उज्जैन के लक्ष्मीपुरा में सात दिवसीय देवी प्रवचन कार्यक्रम के समापन पर कुछ संतों पर प्रवचन रोकने और समय कम करने की कोशिश का आरोप लगाया।
वर्तमान में वे उज्जैन-मक्सी रोड स्थित लक्ष्मीपुरा में चल रहे सात दिवसीय देवी प्रवचन और अंतरराष्ट्रीय समागम में रोज करीब साढ़े तीन घंटे दुर्गा सप्तशती और देवी महिमा का वर्णन कर रही हैं।
उज्जैन में संन्यास विवाद के बीच स्वामी हर्षानंद गिरी ने एक नया वीडियो जारी कर संतों के फॉरेन फंडिंग के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि एक भी आरोप सही साबित हुआ तो वे अपनी पूरी संपत्ति अर्पित कर देंगी।
साध्वी हर्षानंद ने यह भी कहा कि यदि आरोप गलत साबित होते हैं, तो वे संबंधित पक्ष से ₹1 करोड़ मानहानि की मांग करेंगी।

