BREAKING NEWS
2026-07-31

दतिया उपचुनाव: भाजपा जिला अध्यक्ष के निष्कासन का फर्जी पत्र वायरल, पार्टी ने बताया साजिश

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

दतिया विधानसभा उपचुनाव में गुरुवार सुबह से मतदान शुरू हो गया। मतदान के दिन भाजपा से जुड़ा एक कथित फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई।

Advertisement

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के लेटरहेड पर तैयार इस कथित पत्र में दतिया जिला अध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा को पार्टी से निष्कासित किए जाने का दावा किया गया है। वायरल हो रहे पत्र में लिखा गया है कि अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण रघुवीर कुशवाहा को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया जाता है।

हालांकि, इस पत्र पर न तो कोई तारीख अंकित है और न ही कोई आधिकारिक क्रमांक दर्ज है। पत्र के नीचे प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का नाम और लेटरहेड का प्रारूप अंकित है।

जैसे ही यह पत्र सोशल मीडिया पर सामने आया, इसे लेकर तरह-तरह की अटकलें शुरू हो गईं। व्हाट्सएप ग्रुप और फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसे तेजी से साझा किया गया। रघुवीर कुशवाहा ने इसे साजिश करार दिया।

उन्होंने कहा कि यह पत्र पूरी तरह फर्जी है और उनके निष्कासन जैसी कोई बात नहीं है। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि उपचुनाव के बीच पार्टी की छवि खराब करने के लिए विरोधियों ने यह कृत्य किया है। उन्होंने इसकी शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और साइबर सेल से कर दी है।

कुशवाहा ने यह भी कहा कि वे पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं और उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं।

भाजपा के स्थानीय पदाधिकारियों ने भी इस पत्र को फर्जी बताया। एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यालय से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना दिनांक और आधिकारिक क्रमांक के किसी पत्र की कोई वैधानिकता नहीं होती।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, मामले की आंतरिक जांच कराई जा रही है कि यह फर्जी पत्र किसने और किस उद्देश्य से तैयार कर वायरल किया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मतदान के दिन इस तरह का पत्र वायरल करना कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश हो सकती है। दतिया उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने पूरी ताकत झोंक रखी है, ऐसे में इस कथित फर्जी पत्र ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।

पुलिस के अनुसार, जिला भाजपा इकाई की शिकायत के बाद साइबर सेल ने वायरल पत्र की जांच शुरू कर दी है। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी ने कहा कि फर्जी दस्तावेज तैयार कर पार्टी नेताओं को बदनाम करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे ऐसे फर्जी पत्रों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें।