बुलंद सोच, भिंड।
ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे-719 पर मेहगांव थाना क्षेत्र के जैतपुरा के पास गुरुवार अलसुबह 4 बजे दो डंपरों के बीच टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक डंपर का चालक गाड़ी के केबिन में स्टीयरिंग और बोनट के बीच बुरी तरह फंस गया। पुलिस के अनुसार, डंपर (क्रमांक MP 07 AN 6216) का चालक तहसीलदार जाटव (निवासी नगरा वीरवाल उदी मोड़, इटावा) सामने से आ रहे दूसरे डंपर (क्रमांक HR 35 BA 9666) को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान कट लगने की वजह से दोनों भारी वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दूसरे डंपर के चालक रविंद्र सिंह यादव (30 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-2, फूफ) अपने ही वाहन के केबिन में लोहे के बीच बुरी तरह फंस गए और दर्द से कराहने लगे।
डेढ़ घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही मेहगांव थाना पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। चालक को केबिन से निकालने के लिए बरेठा टोल प्लाजा से भारी क्रेन और स्थानीय स्तर पर जेसीबी मशीन बुलाई गई। पुलिसकर्मियों, मशीन ऑपरेटरों और ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के साथ लगभग डेढ़ घंटे रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब सुबह 5:30 बजे चालक रविंद्र को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्हें एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
मेहगांव के थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने जानकारी दी कि जेसीबी और क्रेन की मदद से करीब डेढ़ घंटे रेस्क्यू चलाकर चालक की जान बचाई गई और उसे अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ओवरटेकिंग के दौरान कट लगना बताया जा रहा है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

