बुलंद सोच, उज्जैन।
मॉडल से साध्वी बनीं हर्षा रिछारिया उर्फ साध्वी हर्षानंद गिरि ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उज्जैन पहुंचने पर संतों को लेकर एक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आजकल संत आश्रम में ही पार्लर बुला लेते हैं और मैनिक्योर-पेडिक्योर करवाते हैं।
साध्वी हर्षानंद गिरि ने अपनी बात स्पष्ट करते हुए कहा कि जहां लक्ष्मी और नारायण की पूजा होती है, वहां हम भी सुंदर रह सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि संन्यास लेने के बाद कई संतों ने उन पर मेकअप कर प्रवचन देने के आरोप लगाए हैं, जबकि वे ऐसा नहीं करतीं।
हर्षानंद गिरि ने संतों के विषय में टिप्पणी करते हुए कहा कि आज संतों के अपने बड़े-बड़े आश्रम हैं। उन्होंने कहा कि वहां क्या होता है, यह सब वहां रहकर देखा जा सकता है।
साध्वी ने संतों को यह चुनौती दी कि यदि कोई ऐसा संत हो, जो उन्हें शत प्रतिशत सुरक्षा की गारंटी के साथ अपने आश्रम में रखे, तो वह उस आश्रम को अपना ठिकाना बना सकती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि वह आज भी अपने माता-पिता के घर जाती हैं, क्योंकि वह जगह ज्यादा सुरक्षित है।

