BREAKING NEWS
2026-07-29

शाहरुख खान लंदन में परिवार संग वेकेशन पर दिखे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच,।

अभिनेता शाहरुख खान इन दिनों अपने परिवार के साथ लंदन में छुट्टियां मना रहे हैं। लंदन स्थित उनके घर के बाहर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पत्नी गौरी और बेटों आर्यन व अबराम के साथ सड़क पर टहलते हुए दिखाई दिए। सामने आए वीडियो में शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान नजर नहीं आईं। वीडियो में शाहरुख खान हुडी पहने हुए अपना चेहरा छिपाए हुए दिखे, जबकि अबराम और आर्यन उनके पीछे चल रहे थे। शाहरुख खान का यह वेकेशन स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर उनके नाम से एक फर्जी पोस्ट वायरल होने के बीच सामने आया है।

Advertisement

ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन न्यूयॉर्क में

अभिनेत्री ऐश्वर्या राय और अभिनेता अभिषेक बच्चन भी न्यूयॉर्क में छुट्टियां मनाते हुए देखे गए। एक फैन पेज से वायरल हुई तस्वीर में ऐश्वर्या और अभिषेक न्यूयॉर्क की सड़कों पर सामान्य वेशभूषा में टहलते हुए नजर आए।

शाहरुख खान के नाम से वायरल हुई फर्जी पोस्ट

कुछ समय पहले छात्र विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी एक फर्जी पोस्ट शाहरुख खान के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। यह पोस्ट अभिनेता सलमान खान द्वारा स्टूडेंट प्रोटेस्ट से जुड़ी एक पोस्ट साझा करने के कुछ देर बाद सामने आई थी। वायरल हुई पोस्ट में लिखा था, “प्यारे छात्रों, आप लोगों ने यह दिखा दिया है कि असली ताकत कहां होती है, किताबों में, कलम में और अपनी आवाज में। आपका यह विरोध सिर्फ एक परीक्षा के खिलाफ नहीं है, बल्कि एक बेहतर, पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था के लिए है। हर छात्र इस बात का हकदार है कि उसकी मेहनत का मूल्यांकन उसकी मेहनत के आधार पर हो, न कि किसी पेपर लीक या घोटाले के कारण। यह लड़ाई सही भी है और जरूरी भी। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है।” तथ्य जांच करने पर यह सामने आया कि शाहरुख खान ने अपने किसी भी आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ऐसी कोई पोस्ट साझा नहीं की थी। इस पोस्ट को एक फैनपेज द्वारा एडिट करके बनाया गया था। कई प्रशंसकों ने देश के इस बड़े मुद्दे पर शाहरुख खान की चुप्पी को लेकर निराशा व्यक्त की।

स्टूडेंट प्रोटेस्ट पर सेलेब्रिटीज की प्रतिक्रिया

वहीं, कुछ सेलेब्रिटीज ने बेबाकी से इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। सलमान खान इस विरोध प्रदर्शन पर बोलने वाले पहले सबसे बड़े स्टार रहे। इसके बाद करीना कपूर, वरुण धवन, सैफ अली खान, प्रीति जिंटा और दीया मिर्जा जैसे कई सेलेब्रिटीज ने भी इस पर पोस्ट साझा कीं। वरिष्ठ अभिनेत्री शबाना आजमी 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं, जिस दौरान उनकी तबीयत भी बिगड़ गई थी। उनके अलावा साउथ एक्टर प्रकाश राज भी कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ एक ट्रक में विरोध प्रदर्शन करते हुए दिखाई दिए। 20 जुलाई के विरोध प्रदर्शन के बाद कई सेलेब्रिटीज अलग-अलग शहरों के प्रोटेस्ट में शामिल हुए। अभिनेत्री आएशा खान को मुंबई के एक विरोध प्रदर्शन से हिरासत में लिया गया। अभिनेता और आमिर खान के भांजे इमरान खान, कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी, सिंगर-रैपर बादशाह, हुमा कुरैशी और साकिब सलीम सहित कई अन्य सेलेब्रिटीज भी विरोध प्रदर्शनों में पहुंचे।