BREAKING NEWS
2026-08-04

श्योपुर नवोदय विद्यालय के 80 छात्रों ने खुद को हॉल में बंद किया, मोबाइल जब्त करने पर भड़के

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, श्योपुर।

मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय जैदा के लगभग 80 छात्रों ने सोमवार दोपहर लगभग तीन बजे खुद को स्कूल के एक हॉल में बंद कर लिया।

Advertisement

देर रात तक छात्रों को समझाइश दी गई। उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) गगन सिंह मीणा और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) राजकुमार गुप्ता भी विद्यालय पहुंचे।

हालांकि, देर रात तक छात्र हॉल से बाहर आने को तैयार नहीं हुए।

छात्र मोबाइल फोन जब्त किए जाने से नाराज थे।

उन्होंने विद्यालय परिसर में तोड़फोड़ भी की थी।

प्राचार्य कौशल कटियार के अनुसार, सामान की तलाशी के दौरान कुछ छात्रों के मोबाइल फोन जब्त किए गए थे, जिस पर वे भड़क गए।

छात्रों ने तोड़फोड़ करते हुए एक क्वार्टर में आग लगा दी, जिससे गद्दे और अन्य सामान जल गया।

इस घटनाक्रम के बाद छात्रों को डर है कि उन्हें विद्यालय से निलंबित कर दिया जाएगा, इसी कारण उन्होंने खुद को हॉल में बंद कर लिया।

कुछ छात्रों ने खिड़कियों से पर्ची लिखकर फेंकी, जिनमें उन पर कोई कार्रवाई न करने की मांग की गई थी।

प्राचार्य ने कार्रवाई न करने की बात एक चिट्ठी में लिखकर अंदर पहुंचाई, लेकिन छात्रों की बात नहीं बनी।

फिलहाल, एसडीएम और एसडीओपी छात्रों को समझाइश दे रहे हैं।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।

श्योपुर के एसडीओपी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि मोबाइल फोन की जांच से नाराज होकर छात्रों ने खिड़की और गाड़ी पर तोड़फोड़ की है, और उन्हें समझाया जा रहा है।