बुलंद सोच, उज्जैन।
उज्जैन में सावन मास के सोमवार को निकली भगवान श्री महाकाल की सवारी के दौरान जेबकतरों और चेन स्नेचरों ने श्रद्धालुओं को निशाना बनाया। सवारी और दर्शन के समय 50 से अधिक श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और सोने की चेन चोरी होने की शिकायतें दर्ज की गईं।
ये शिकायतें महाकाल, कोतवाली और खाराकुआं थानों में पहुंची हैं। पुलिस ने इन मामलों के संबंध में दो दर्जन से अधिक संदिग्ध महिला और पुरुषों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सोमवार को बाबा महाकाल के दर्शन के लिए तीन लाख से अधिक श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे थे, जबकि सवारी मार्ग पर लगभग डेढ़ लाख लोगों की मौजूदगी रही। बदमाशों ने इस भारी भीड़ का फायदा उठाते हुए कतार में लगे श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और नकदी पर हाथ साफ किया।
इसके अतिरिक्त, पांच से अधिक महिलाओं ने अपने गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस की तैयारियों पर उठे सवाल
सवारी से एक दिन पहले पुलिस ने जेबकतरों और चेन स्नेचरों पर अंकुश लगाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया था। इस अभियान के तहत शंकरपुर, पारी डेरा, छुमछुम बाबा डेरा, मालगोदाम मार्ग, नगर निगम परिसर, कार्तिक मेला मैदान, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाकर 21 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था।
इसके बावजूद, सवारी के दौरान चोरी की वारदातों पर रोक नहीं लग सकी, जिससे पुलिस की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हरसिद्धि क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटनाएं
हरसिद्धि मंदिर क्षेत्र में सबसे अधिक चेन स्नेचिंग की घटनाएं सामने आईं। रतलाम निवासी अनिता और उनकी रिश्तेदार आरती के गले से हरसिद्धि चौराहे पर मंगलसूत्र चोरी हो गया।
मुंबई निवासी श्रीजी ने भी आरोप लगाया कि एक महिला उनके गले से सोने की चेन खींचकर भाग निकली।
मीरा रोड (मुंबई) निवासी बबीता ने बताया कि हरसिद्धि मंदिर परिसर स्थित भोलेनाथ मंदिर में एक महिला ने उनके गले से सोने की चेन खींच ली। उन्होंने पेंडेंट पकड़ लिया और शोर मचाया, जिसके बाद उनके स्वजन ने एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया।
आरोप है कि पकड़ी गई महिला चेन एक बच्ची को देकर फरार करा चुकी थी। पकड़ी गई महिला को महाकाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
इसी तरह, जयपुर निवासी कमलाबाई के गले से भी सोने की चेन चोरी हो गई। इस मामले में पुलिस ने तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी है।

