BREAKING NEWS
2026-08-17

बदमाश अकील उर्फ नाइट्रा 12 साल पुराने कृष्णा पटेल हत्याकांड में गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी से छेड़छाड़ के मामले में चर्चा में आए बदमाश अकील उर्फ नाइट्रा को अब 12 साल पुराने हत्याकांड में पुलिस ने शिकंजे में लिया है। खजराना पुलिस ने उसे कृष्णा पटेल हत्याकांड में गिरफ्तार किया है।

Advertisement

डीसीपी जोन-2 अमनसिंह राठौड़ के अनुसार, 17 अप्रैल 2015 को खजराना थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय कृष्णा पटेल का शव मिला था। पुलिस ने इस मामले में करीब सौ संदेहियों से पूछताछ की थी, लेकिन आरोपी नहीं मिले और केस जांच में चलता रहा।

पूछताछ के दौरान अकील उर्फ नाइट्रा ने अपने साथी मोहम्मद आरिफ उर्फ नाइट्रा और परवेज के साथ मिलकर कृष्णा की हत्या करना कबूल किया है। वारदात लॉकेट, चेन और बाइक लूटने के लिए की गई थी। परवेज की मौत हो चुकी है।

मंगलवार रात पुलिस ने दौलतबाग खजराना निवासी अकील उर्फ नाइट्रा पुत्र इम्तियाज शेख और गोहर नगर खजराना निवासी मोहम्मद आरिफ उर्फ नाइट्रा पुत्र मोहम्मद शाकीर को गिरफ्तार किया। अकील को पिछले वर्ष ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में भी गिरफ्तार किया गया था।

कृष्णा नौवीं कक्षा का छात्र था। आरोपी उसे नायता मुंडला (तेजाजी नगर) से लिफ्ट लेकर बैठे और स्टार चौराहा के समीप सुनसान जगह पर लेकर आए।

कुछ देर रुकने और नाश्ता करने के बाद वे उसे बायपास पर बनी एक सुनसान खंडहरनुमा जगह पर ले गए। आरोपियों ने कृष्णा के गले में सोने का लॉकेट और चेन देख ली थी।

तीनों बदमाश नाइट्रावेट की गोलियां और गांजा का नशा कर चुके थे। कृष्णा द्वारा लूट का विरोध करने पर उन्होंने उसके सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने के लिए शव को जलाया और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।

अन्य वारदातें

इस वारदात के बाद बदमाशों ने बायपास पर एक कार लूटी और सीधे देवास पहुंचे। देवास से वे उज्जैन रवाना हुए।

नरवर के समीप उन्होंने एक थानेदार से शासकीय पिस्टल छीन ली। इसी पिस्टल से त्रिवेणी संगम के समीप एक बाइक सवार की गोली मारकर हत्या कर दी।

इंदौर-उज्जैन पुलिस ने इन बदमाशों को लूट और हत्या के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। साल 2023 में तीनों जमानत पर छूट गए थे, जिसके बाद भी पुलिस की नजरों से बचते रहे और कृष्णा हत्याकांड की फाइल दबी रही।

आपराधिक इतिहास

पुलिस ने हाल ही में मुखबिर की सूचना पर अकील नाइट्रा और आरिफ नाइट्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उन्होंने कृष्णा की हत्या में शामिल होना स्वीकार कर लिया।

अकील नाइट्रा की जानकारी निकालने पर पता चला कि मल्हारगंज, संयोगितागंज, खजराना, एरोड्रम, भेरवगढ़, लसूड़िया, कनाड़िया, भंवरकुआं और एमआईजी थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ लूट, हत्या और छेड़छाड़ सहित 14 अपराध दर्ज हैं।

एमआईजी पुलिस ने जब उसे छेड़छाड़ के मामले में पकड़ा था, तब उसके अन्य अपराधों की जानकारी नहीं थी। आरोपी मोहम्मद आरिफ पर भी तीन केस दर्ज हैं।