बुलंद सोच, भिंड।
भिंड जिले में बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसों में कुल तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना देहात थाना क्षेत्र के मुड़िया खेड़ा चौराहे के पास बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई। सिमराव निवासी 55 वर्षीय विजयपाल सिंह तोमर पुत्र सूबे सिंह तोमर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए एक ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विजयपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को संभाला। ग्रामीणों ने स्वजनों को सूचना दी।
स्वजनों ने विजयपाल सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है।
ई-रिक्शा पलटने से दो महिलाएं जख्मी
दूसरी घटना फूफ थाना क्षेत्र में टेढ़ी पुलिया के पास हुई। भगवासी निवासी 23 वर्षीय ज्योति बघेल पुत्री रामलाल बघेल तथा 75 वर्षीय राजकुमारी बघेल पत्नी गंगाचरण बघेल दोनों ई-रिक्शा से टिकरी मंदिर दर्शन के लिए जा रही थीं।
रास्ते में अचानक ई-रिक्शा का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में दोनों महिलाएं घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का उपचार जारी है। पुलिस ई-रिक्शा हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अन्य घटना: घर में बंदर का हमला
भिंड में एक अन्य घटना में, एक बंदर घर के अंदर घुस गया और हमला किया। बंदर को भगाने के लिए 20 मिनट तक मशक्कत करनी पड़ी।

