BREAKING NEWS
2026-07-31

भिंड में मोबाइल अपडेट लिंक पर क्लिक करते ही फोन हैक, खाते से ₹28,700 निकाले गए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भिंड।

भिंड शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल अपडेट करने के नाम पर भेजे गए एक फर्जी लिंक पर क्लिक करने से एक युवक को भारी नुकसान उठाना पड़ा। लिंक पर क्लिक करते ही युवक का मोबाइल हैक हो गया और कुछ ही देर में उसके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 28 हजार 700 रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली गई।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, फरियादी 29 वर्षीय रजत मिश्रा पुत्र अनिल कुमार मिश्रा चतुर्वेदी नगर भिंड के निवासी हैं और निजी ठेकेदारी का कार्य करते हैं। रजत ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 22 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे उनके मोबाइल नंबर पर मोबाइल अपडेट करने के संबंध में एक संदेश प्राप्त हुआ था। संदेश में दी गई लिंक पर जैसे ही उन्होंने क्लिक किया, उनका मोबाइल कुछ समय के लिए हैक हो गया।

मोबाइल कुछ देर बाद सामान्य रूप से चलने लगा था, जिसके कारण उन्हें किसी धोखाधड़ी की आशंका नहीं हुई। रजत ने बताया कि 24 जुलाई को जब वह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की लहार रोड शाखा में पैसे निकालने पहुंचे, तब बैंक से उन्हें जानकारी मिली कि 22 जुलाई को ही उनके खाते से 28,700 रुपये की निकासी हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लेनदेन उन्होंने नहीं किया था।

हैरानी की बात यह रही कि खाते से रकम कटने का कोई एसएमएस भी उन्हें प्राप्त नहीं हुआ था।

पुलिस कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित रजत मिश्रा ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली पहुंचकर लिखित आवेदन दिया।

पीड़ित की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल डेटा और साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।