बुलंद सोच, भोपाल।
भोपाल के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र के वाजपेयी नगर में अवैध शराब के कारोबार को लेकर आधी रात को गोलीबारी की घटना सामने आई। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब दो बजे श्यामला हिल्स निवासी अमन मिर्जा (22) अपने दो दोस्तों के साथ वाजपेयी नगर मल्टी में अवैध शराब खरीदने पहुंचा था। यहां उसने शराब तस्कर हेमंत को 500 रुपये दिए। काफी देर तक शराब न मिलने पर अमन ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि हेमंत ने केवल 100 रुपये लौटाए और बाकी 400 रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते कहासुनी से मारपीट में बदल गया। इसी दौरान आरोपित हेमंत ने पिस्टल निकालकर अमन पर फायर कर दिया। पहला फायर नहीं हुआ, लेकिन दूसरे प्रयास में गोली अमन के हाथ में लगी और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपित अपने साथियों के साथ जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। सूचना मिलने पर शाहजहांनाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अमन को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पुलिस कार्रवाई
शाहजहांनाबाद पुलिस ने इस मामले में आरोपित हेमंत के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी उमेशपाल सिंह चौहान ने बताया कि आरोपित हेमंत के खिलाफ पहले से ही आबकारी अधिनियम सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हेमंत खजूरीसड़क थाने के एक प्रकरण में फरार चल रहा था और वाजपेयी नगर स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था।
