बुलंद सोच, दतिया।
चुनाव प्रचार के दौरान अतिउत्साही कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए बयानों के वीडियो वायरल होने से राजनीतिक दलों की परेशानी बढ़ जाती है। दतिया उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए मंत्री राकेश शुक्ला के जनसंपर्क का ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
यह वीडियो बड़ौनी का बताया जा रहा है, जिसमें एक पार्टी समर्थक युवक मंत्री के सामने यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि “हम पकड़-पकड़कर लोगों से वोट डलवाएंगे, चाहे इसके लिए भले ही लठ्ठ चलाने पड़े।” इस बात को सुनकर मंत्री राकेश शुक्ला वीडियो में युवक की पीठ थपथपाते हुए दिखाई दिए।
वीडियो में युवक आगे यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि “लेकिन साहब बाद में ऐसा न हो कि आप हाथ खड़े कर कहो कि बेटा अब तुम अपने हिसाब से देखो।”
इस वीडियो के सामने आने के बाद बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने भाजपा पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति डर, दबाव और सत्ता के दुरुपयोग पर आधारित रही है। वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार की सोच स्वीकार्य नहीं है और जनता इसका जवाब देगी।
