BREAKING NEWS
2026-07-24

शराबी ने थाने से पुलिस जीप भगाई, बाजार में लोगों और वाहनों को टक्कर मारी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, पन्ना।

पन्ना के रैपुरा थाना प्रांगण से इमलिया निवासी सुखेन्द्र बुंदेला पुत्र रनमत सिंह नामक एक शराबी पुलिस की शासकीय जीप लेकर भाग गया।

Advertisement

यह घटना कस्बे के बाजार वाले दिन हुई, जब सैकड़ों लोग खरीदारी कर रहे थे। शराबी ने थाने से निकलते ही लोगों को टक्कर मारना शुरू कर दिया।

कटनी तिराहा पहुंचते-पहुंचते कई लोग घायल हो गए। इसके बाद कटनी तिराहा पर एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार दूर गिरा और उसकी बाइक कार में फंस गई।

कार में फंसी बाइक को लगभग दो सौ मीटर तक घसीटा गया।

वहां खड़ी एक कार व एक बस को भी टक्कर मारी गई, जिसके बाद वह तेज रफ्तार में अवंतीबाई चौक की तरफ भाग गया।

पुलिस ने उसका पीछा किया और अवंतीबाई चौक के पास उसे पकड़ लिया।

गुस्साई भीड़ ने चालक को पीटने का प्रयास किया, परंतु पुलिस बड़ी मशक्कत के बाद उसे थाने लेकर पहुंची।

पीछे से लगभग डेढ़ सौ लोगों की भीड़ थाने पहुंच गई। थाने में घुसकर भीड़ ने एचसीएम (हेड कांस्टेबल मेजर) कक्ष में फिर पुलिस से शराबी को छुड़ाने का प्रयास किया।

दो आरक्षकों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे लाकअप में बंद किया। एक से दो घंटे चले हंगामे के बाद भीड़ शांत हो सकी।

सुखेन्द्र बुंदेला शराब पीकर किसी मामले में थाने पहुंचा था।

थाने में आवेदन देने पहुंचे कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शराबी पुलिसकर्मियों से बहस कर रहा था। पुलिस ने उसे बाहर निकाल दिया था, जिसके बाद वह बाहर खड़ी पुलिस की जीप में चाबी लगी देखकर वाहन लेकर भाग निकला।

लोगों ने यह भी बताया कि शराबी युवक एक दिन पहले भी शराब के नशे में आया था।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शराबी ने इतनी तेजी से पुलिस वाहन को भगाया कि हाट बाजार में अफरातफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागे।

शाम को लगभग छह घायल अस्पताल पहुंचे, जबकि कई निजी क्लीनिकों में भी चले गए। घायलों ने बताया कि कुछ लोगों ने आगे आकर सड़क पर खड़े लोगों को एक तरफ किया, नहीं तो जनहानि भी हो सकती थी।