BREAKING NEWS
2026-07-24

पन्ना हत्याकांड: दूसरे पति की हत्या के आरोप में पत्नी और पहला पति सूरत से गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, पन्ना।

पन्ना जिले के रैपुरा थाना क्षेत्र के बघवारकला में बुधवार को हुए नन्नू सोनी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी ने अपने पहले पति के साथ मिलकर दूसरे पति की हत्या की साजिश रची थी। वारदात को अंजाम देने के बाद एक साल से फरार चल रहे दोनों आरोपियों को पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार कर लिया है।

Advertisement

पारिवारिक विवाद और साजिश

पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने बताया कि अजयगढ़ के बगहा निवासी रामप्रताप सोनी और अर्चना की शादी करीब आठ-नौ साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। आपसी विवाद के कारण अर्चना अपने मायके में रहने लगी थी। इसके बाद 27 मई 2025 को अर्चना ने बघवारकला के नन्नू सोनी से कोर्ट मैरिज कर ली और अपने बच्चों के साथ उसके घर रहने लगी। हालांकि, शादी के बाद से ही घर में कलह शुरू हो गई थी। अर्चना अपने दूसरे पति नन्नू सोनी पर दबाव बना रही थी कि वह अपनी जमीन-जायदाद उसके दोनों बेटों के नाम कर दे। वहीं, नन्नू को अर्चना के बच्चे पसंद नहीं थे, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। लगातार हो रही अनबन से परेशान होकर अर्चना ने अपने पहले पति रामप्रताप सोनी को फोन पर पूरी बात बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर नन्नू को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

हत्या को दिया अंजाम

योजना के तहत 10 जुलाई 2025 की रात रामप्रताप छिपते-छिपाते बघवारकला पहुंचा। कमरे में सो रहे नन्नू सोनी पर रामप्रताप और अर्चना ने लकड़ी के भारी डंडे से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अर्चना अपने दोनों बच्चों और पहले पति रामप्रताप के साथ मौके से भाग निकली थी।

आठ राज्यों में तलाश के बाद गिरफ्तारी

पुलिस एक साल से आरोपियों की तलाश कर रही थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और गुजरात सहित आठ राज्यों में अलग-अलग समय पर भेजा गया। ये आरोपी किसी भी प्रकार की तकनीक और आधुनिक चीजों का इस्तेमाल नहीं करते थे। यहां तक कि वे सार्वजनिक परिवहन का भी उपयोग नहीं करते थे और पैदल ही आते-जाते थे, जिससे उन्हें पकड़ने में पुलिस को काफी मेहनत लगी।