BREAKING NEWS
2026-07-24

नर्मदापुरम में कनकधारा वेयरहाउस सील, मूंग की बोरियों में मिली मिट्टी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नर्मदापुरम।

नर्मदापुरम जिले के माखननगर स्थित कनकधारा वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर खरीदी गई लगभग 62,862 बोरी सरकारी मूंग के भंडारण में गंभीर अनियमितता सामने आई है, जिसके बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। औचक निरीक्षण के दौरान कई बोरियों में निर्धारित मानकों से अधिक कचरा और मिट्टी पाई गई, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई मिलीं।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए, कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने बुधवार को वेयरहाउस को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। साथ ही, सभी 23 स्टेकों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा को शिकायत मिली थी कि वेयरहाउस में पिछले दो वर्षों के दौरान समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंग को बदलकर उसकी जगह कचरा और मिट्टी मिली अमानक मूंग रख दी गई है। शिकायत के उपरांत, कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति अधिकारी, उप संचालक कृषि और जिला विपणन अधिकारी का एक संयुक्त जांच दल गठित किया।
बुधवार को इस संयुक्त दल ने कनकधारा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई लॉट में गुणवत्ता मानकों का उल्लंघन पाया गया, जिसमें कई बोरियों में निर्धारित सीमा से अधिक मिट्टी मिली, जबकि कुछ बोरियां पूरी तरह मिट्टी से भरी हुई थीं। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए वेयरहाउस को तत्काल सील कर दिया गया।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि शासकीय योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और जिले के अन्य वेयरहाउसों का भी औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई के दौरान डिप्टी कलेक्टर सरोज परिहार, एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह, उप संचालक कृषि डॉ. रविकांत सिंह, जिला विपणन अधिकारी अनिल जैन, एमपीडब्ल्यूएलसी के शाखा प्रबंधक, नेफेड के प्रतिनिधि तथा तहसीलदार माखननगर सुनील गढ़वाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सरकारी मूंग के भंडारण को लेकर जिले में यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले, माखननगर के एकलव्य वेयरहाउस से लगभग 18,887 क्विंटल (करीब चार करोड़ रुपये मूल्य की) सरकारी मूंग गायब होने का मामला सामने आया था।
इसके बाद शिवपुर के कोठरा स्थित पंचमुखी वेयरहाउस से 1,841 बोरी सरकारी मूंग चोरी का मामला भी उजागर हुआ। अब कनकधारा वेयरहाउस में अमानक मूंग और मिट्टी से भरी बोरियां मिलने से सरकारी भंडारण व्यवस्था पर फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से वेयरहाउसों की निगरानी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है। एसडीएम देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वेयरहाउस के सभी स्टेकों का निरीक्षण किया गया, जिसमें कई बोरियों में निर्धारित मानकों के विपरीत अधिक मात्रा में मिट्टी मिली। प्रथम दृष्टया गंभीर अनियमितता पाए जाने पर वेयरहाउस को सील कर दिया गया है तथा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement