बुलंद सोच, भोपाल।

सोमवार दोपहर गोविंदपुरा स्थित भेल गेट नंबर-8 के पास झाड़ियों में एक बोरी के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
यह शव लगभग 6-7 दिन पुराना बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में युवक के गले और गुप्तांग पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
झाड़ियों में बोरी पड़ी होने की सूचना मिलने पर गोविंदपुरा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बोरी खुलवाई, जिसके अंदर युवक का शव मिला।
घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, शरीर पर मिले चोटों के निशान हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं।
हालांकि, युवक की मौत किस वजह से हुई और चोटें किस तरह लगीं, इसकी सटीक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
बोरी में शव मिलने के कारण पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई होगी और उसकी पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां लाकर झाड़ियों में फेंका गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शव को भेल गेट नंबर-8 के पास कौन और किस वाहन से लेकर आया था।
मृतक की पहचान के लिए गोविंदपुरा सहित आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अन्य माध्यमों से भी युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इसके अतिरिक्त, भेल गेट नंबर-8 और आसपास के प्रमुख रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध गतिविधियों और शव लाने वाले वाहन की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।

