BREAKING NEWS
2026-08-14

भोपाल के हाई-सिक्योरिटी चार इमली में भाजपा विधायक के बंगले में दिनदहाड़े चोरी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के वीवीआईपी और सबसे सुरक्षित माने जाने वाले ‘चार इमली’ इलाके में रविवार दोपहर दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने पूर्व मंत्री और जबलपुर के पाटन से भाजपा विधायक अजय विश्नोई के सरकारी आवास (डी-11/03) में सेंध लगाई। यह बंगला स्पेशल डीजी अजय शर्मा के आवास के ठीक सामने स्थित है।

Advertisement

चोरी की यह वारदात दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई, जिसकी भनक वहां मौजूद किसी भी सुरक्षाकर्मी को नहीं लगी। इस घटना ने इलाके की पुलिसिंग पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

बदमाशों ने सूने बंगले में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने दरवाजों के ताले तोड़े और जिन दरवाजों के ताले नहीं खुले, उनके कुंडे जड़ से उखाड़ दिए। चोर बंगले के अंदर से पानी के नल (टोटियां) और अन्य सामान चुराकर आसानी से फरार हो गए।

विधायक अजय विश्नोई आमतौर पर महीने में केवल तीन-चार दिन ही भोपाल प्रवास पर रहते हैं, बाकी दिनों में उनका यह सरकारी आवास खाली रहता है। रविवार को जब वे अपने आवास पर पहुंचे, तब उन्हें ताले टूटे होने और चोरी की घटना की जानकारी मिली।

विधायक विश्नोई ने इसके बाद घटना की सूचना विधानसभा को दी। इस मामले में भोपाल के हबीबगंज थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

वीवीआईपी इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाएं

मंत्रियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों के निवास स्थान चार इमली क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। इस चोरी से महज तीन-चार दिन पहले ही इसी इलाके में एक अन्य अधिकारी के खाली मकान में भी चोरी हुई थी।

इससे पहले 23 सितंबर 2025 को सुरक्षा में बड़ी चूक तब देखने को मिली थी, जब आईजी (इंटेलिजेंस) डॉ. आशीष रात के समय अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे। उसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। हालांकि, पुलिस ने उस मामले में दो दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन इन लगातार होती घटनाओं ने हाई-सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।