बुलंद सोच, भोपाल।
जीआरपी भोपाल ने ट्रेन में झपटमारी करने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से लगभग सात लाख रुपये के सोने के जेवर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
यह वारदात 27 मई 2026 को हुई थी, जब पीड़िता आशा नागेश अपने परिवार के साथ ट्रेन संख्या 19302 यशवंतपुर एक्सप्रेस से अमरावती से उज्जैन जा रही थीं।
सीहोर स्टेशन पहुंचने से पहले, ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर एक अज्ञात युवक ने उनके सिरहाने रखा बैग झपट लिया और चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।
बैग में दो मोबाइल, दो मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, एक सोने का नेकलेस, एक चेन, कान के झुमके, 31 हजार रुपये नकद और अन्य सामान रखा था।
जीआरपी भोपाल में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल से लेकर बैरागढ़ तक करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की कड़ियों को जोड़ा। इसके आधार पर आरोपित की पहचान संजय प्रजापति उर्फ कमांडो (22), निवासी पन्ना के रूप में की गई।
आरोपित को भनक लगते ही वह फरार हो गया था। पुलिस टीम ने औरंगाबाद में उसके भाई के जरिए सुराग जुटाए और लगभग डेढ़ माह की लगातार तलाश के बाद उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का पूरा सामान आरोपित की बैरागढ़ स्थित किराए की झुग्गी और छतरपुर जिले में उसकी मौसी के घर से बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ जीआरपी झांसी में चोरी के तीन मामले पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में जीआरपी भोपाल की विशेष टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

