BREAKING NEWS
2026-07-24

भोपाल में पैरोल पर छूटे हिस्ट्रीशीटर रोहित वर्मा पर चाकू से हमला

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

मंगलवार शाम अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में पैरोल पर जेल से बाहर आए हिस्ट्रीशीटर रोहित वर्मा उर्फ रोहित कबाड़ी पर बदमाश सुम्मी उर्फ सुमित और उसके साथियों ने चाकुओं से हमला कर दिया।

यह हमला पुराने गैंगवार और इलाके में वर्चस्व की रंजिश को लेकर किया गया।

Advertisement

आरोपितों ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की, फिर रोहित के सिर, गर्दन और हाथ पर ताबड़तोड़ चाकू के आठ वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

वारदात के बाद सभी आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस कार्रवाई

सूचना मिलते ही अशोका गार्डन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित वर्मा को अस्पताल में भर्ती कराया।

सब इंस्पेक्टर विजय भामरे ने बताया कि रोहित की शिकायत पर सुम्मी उर्फ सुमित, अनिकेत, विक्की, डोलन, संजय समेत अन्य आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है।

आरोपितों पर मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में भी मामला दर्ज किया गया है।

फिलहाल, इस मामले में सभी आरोपित पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

घायल का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, घायल रोहित वर्मा उर्फ रोहित कबाड़ी एक शातिर बदमाश है।

उसके खिलाफ भोपाल के विभिन्न थानों में 40 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

करीब तीन माह पहले अयोध्या नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक अन्य मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

हाल ही में, मां की मौत के कारण उसे पैरोल पर रिहा किया गया था।

मंगलवार शाम वह अपने घर के पास दोस्त विनय के साथ बैठा था, तभी सुम्मी उर्फ सुमित का फोन आया।

दोनों के बीच पुराने विवाद और इलाके में वर्चस्व को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद सुमित ने रोहित का पता पूछकर वहीं रुकने को कहा।

कुछ देर बाद सुमित अपने साथी अनिकेत, विक्की, डोलन, संजय और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और हमला कर दिया।